बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में सांसद डॉ. भोला सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करें। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, पेयजल, सिंचाई, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण तथा अन्य विकासपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद भोला सिंह ने संबंधित अधिकारियों से योजनावार लक्ष्य एवं उसके सापेक्ष प्राप्त प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष प्रयास करते हुए लक्ष्य को समय से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लाभार्थियों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता रखी जाए। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, पाइपलाइन एवं ओवरहेड टैंक आदि से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। सांसद ने निर्देश दिए कि जहां कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। अपात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ न मिले तथा पात्र लाभार्थी किसी भी दशा में वंचित न रहें। मनरेगा योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। मनरेगा के कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ परिसंपत्तियों का निर्माण भी कराया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी विकास को बढ़ावा मिले। सड़क एवं संपर्क मार्गों की समीक्षा के दौरान मा0 सांसद जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की व्यवस्था, जांच सुविधाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपलब्धता तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। मा0 सांसद जी ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि दिशा समिति का उद्देश्य विकास योजनाओं की निगरानी के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। सभी विभाग जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए संबंधित कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान किया जाए, ताकि जनपद में विकास कार्यों को गति मिल सके और आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो। अंत में सांसद ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराते हुए जनपद को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। बैठक में जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने जनपद में संचालित योजनाओं के विषय में जानकारी दी तथा समिति को आश्वस्त किया कि बैठक में दिये गये निर्देशों को समयान्तर्गत अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा संज्ञान में लाई गई समस्याओं को अगली बैठक से पूर्व निस्तारण कर दिया जाए और निस्तारण रिपोर्ट भी प्रेषित की जाए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा (प्रशासक) डॉ अंतुल तेवतिया, मुख्य विकास अधिकारी, निशा ग्रेवाल, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, संबंधित जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *