बुलंदशहर l ।भारत पुष्प। नगर के यमुनापुरम में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी, अन्यायपूर्ण और शोषणकारी नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग वर्गों और समाज के लोग लगातार समाजवादी पार्टी से जुड़ रहे हैं और सपा ही भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सक्षम है। राजकुमार भाटी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा सरकार की नीतियों और कथित अन्याय के खिलाफ होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जाति और धर्म के नाम पर लोगों के साथ भेदभाव किया है। उनके अनुसार, जाति और धर्म देखकर घरों पर बुलडोजर चलाने, मुठभेड़ और मुकदमे दर्ज किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह का भेदभाव लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की भावना के विपरीत है। सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी और 300 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। भाजपा की ओर से सपा के ऐसे दावों पर की गई टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि सपने देखना संविधान देता है और भाजपा का अहंकार बोल रहा है। गठबंधन के सवाल पर राजकुमार भाटी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन के तहत सपा का गठबंधन रहा है। उन्होंने आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की बात कही। कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए भाटी ने प्रदेश में अपराध की घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने नोएडा के परी चौक से एक युवती के साथ कथित गैंगरेप और सूरजपुर से दो युवतियों के अपहरण का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं नकली विजिलेंस अधिकारी तो कहीं नकली पुलिस के मामले सामने आ रहे हैं। भाटी ने आरोप लगाया कि थानों में भ्रष्टाचार बढ़ा है और रिश्वतखोरी में कई गुना वृद्धि हुई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के युवाओं को ई-रिक्शा चलाने संबंधी बयान पर भी राजकुमार भाटी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पहले यह पूछा जाना चाहिए कि नेताओं के बच्चे क्या कर रहे हैं। बृजेश पाठक का यह बयान सितंबर में लखनऊ में भारत टैक्सी के कार्यक्रम के दौरान सामने आया था, जहां उन्होंने ड्राइवरों को स्वरोजगार के तौर पर ई-रिक्शा/टैक्सी चलाने के फायदे बताए थे। कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *