अनूपशहर। ।भारत पुष्प। बुद्धवार को डीपीवीएस कॉलेज में वाणिज्य संकाय द्वारा कॉमर्स डे बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. जीके सिंह द्वारा ज्ञान की देवी माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर हुआ। प्राचार्य प्रो. जीके सिंह ने विद्यार्थियों से वाणिज्य शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वाणिज्य केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का मार्ग भी प्रशस्त करता है। आपने छात्रों को नई तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ भुवनेश कुमार ने कहा कि कॉमर्स आज के युग में सबसे अधिक अवसर प्रदान करने वाला क्षेत्र है। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार और नैतिक व्यापार प्रथाओं की आवश्यकता पर जोर दिया और विद्यार्थियों से हर परिस्थिति में ईमानदारी एवं परिश्रम को अपनाने का आह्वान किया। डॉ तरुण श्रीवास्तव ने डिजिटल कॉमर्स और ई-बिज़नेस की चुनौतियों व संभावनाओं पर चर्चा करते हुए बताया कि कैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और ई-मार्केटिंग के माध्यम से नए-नए व्यवसायिक अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। डॉ राजीव गोयल ने कहा कि कॉमर्स न केवल ज्ञान बढ़ाने का साधन है, बल्कि समाज और उद्योग की समस्याओं के समाधान का भी माध्यम है। डॉ विशाल शर्मा ने वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता पर विचार रखते हुए कहा कि आज का छात्र केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन सकता है। कुमारी किश्वर ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप संस्कृति और स्व-रोजगार की दिशा में प्रेरित किया। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों ने कॉमर्स डे को यादगार बनाने का संकल्प लिया।
![]()
