बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। होली पर्व, रमजान, ईद, नवरात्रि के पर्व को शान्तिपूर्वक, निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रुति की अध्यक्षता में हिन्दू-मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक आहूत हुई। बैठक में समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, ईओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दोनों समुदाय के संभ्रान्त लोगों द्वारा त्यौहार में प्रशासन की ओर से करायी जाने वाली व्यवस्थाओं एवं अन्य बिन्दुओं के बारे में अवगत कराया गया। बैठक में जिलाधिकारी महोदया ने बैठक में उपस्थित संभ्रान्त लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनायें। होली का पर्व आपसी भाईचारे का त्यौहार हैं, इसलिए सभी मिल जुलकर एक दूसरे के पर्व को मनायें। जनपद बुलन्दशहर में गंगा-जमुनी तहजीब की जो मिशाल पेश की गई है उसे बनाये रखा जाये। आपसी सौहार्द को किसी कीमत पर बिगड़ने नहीं दे। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि त्यौहार मनाते समय इस बात का ध्यान रखे कि किसी दूसरे को हमारी वजह से परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहार के अवसर पर जो भी व्यवस्थायें करायी जाती रही हैं उन्हें समय से सुनिश्चित करायें। सभी उप जिलाधिकारी-सीओ संयुक्त रूप से संवेदनशील होली दहन स्थलों का भ्रमण कर शान्ति व्यवस्था को सुनिश्चित करायें। पूर्व में जहां भी घटनायें घटी हैं वहां पर संभ्रान्त लोगों से वार्ता कर ले। शोभायात्रा मार्गो का भी स्थलीय निरीक्षण कर लिया जाये। सिकन्द्राबाद तहसील के अन्तर्गत गांव पचौता में होली के मौके पर लगने वाले मेले में सभी व्यवस्थाओं को कराया जाये। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाये। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि सुनिश्चित कराया जायें कि कही भी होलिका दहन वाले स्थलों पर विद्युत तार लटके अथवा झूले नहीं हो। रंग खेलने के दिवस पर विद्युुत आपूर्ति भी सुनिश्चित करायी जाये। निर्देशित किया गया कि मुख्यालय पर कन्ट्रोल रूम स्थापित करते हुए व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय आदि संबंधित विभागों के कर्मचारियों की रोस्टर बनाकर ड्यूटी लगाई जाये। साफ-सफाई का ध्यान रखें। आबकारी विभाग को सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाये। बैठक में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि चन्द्र ग्रहण होने के दृष्टिगत होली दहन 02 मार्च को है इसलिए इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं होना चाहिए। अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र के होली दहन स्थलांे का स्थलीय निरीक्षण कर देख लें कि जहां पर होली रखी गई हैं वहां पर किसी प्रकार का विवाद तो नहीं है। त्यौहार रजिस्टर का अवलोकन करते हुए जहां पर पूर्व में घटनायें हुई हैं वहां पर निगरानी रखे। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में निरीक्षण कर संभ्रान्त लोगों से वार्ता कर उन्हें जिम्मेदारी दें कि आपसी भाईचारे को बिगाड़ने वाले लोगों के बारे में तत्काल सूचना दें जिससे उनके विरूद्ध कार्यवाही की जा सके। सोशल मीडिया पर निगरानी रखे। होली के मौके पर हुडदंग करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उन पर कार्यवाही की जाये। त्यौहार पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के विरूद्ध भी कार्यवाही करें। नवरात्रि का पर्व भी 19 मार्च से प्रारंभ होने पर दिल्ली की ओर से जोत लेकर आने वाले लोगों से पहलेे से ही वार्ता कर लें। गंगा किनारे के क्षेत्रों में होली खेलने के उपरान्त नहाने के लिए गंगा पर जाने की संभावना को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का भी ध्यान रखें जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न होने पाये। इस अवसर पर सीएमओ डॉ0 सुनील कुमार दोहरे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक भरत राम यादव, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एसपी देहात तेजवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
