खुर्जा। ।भारत पुष्प। नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, शिवाजी बस्ती द्वारा वर्ष प्रतिपदा उत्सव का भव्य आयोजन आदर्श शिशु मंदिर में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खुरजा नगर की 12 बस्ती मे 12 कार्यक्रम हुए कार्यक्रम का शुभारंभ आध्य सरसंघचालक को प्रणाम कर किया गया। कार्यक्रम में वक्ता के रूप में उपस्थित राजकुमार ने वर्ष प्रतिपदा एवं हिन्दू नववर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिन्दू नववर्ष का प्रारंभ चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होता है। यह दिन भारतीय संस्कृति में अत्यंत पवित्र एवं महत्वपूर्ण माना गया है। इसी दिन से विक्रम संवत का आरंभ होता है तथा इसे सृष्टि के सृजन का प्रथम दिवस भी माना जाता है। उन्होंने पौराणिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी।
यह दिवस हमें नवीन ऊर्जा, नवचेतना एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर होने का संदेश देता है। वसंत ऋतु के आगमन के साथ प्रकृति भी अपने पूर्ण सौंदर्य और उल्लास में दिखाई देती है, जिससे इस पर्व का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने आगे कहा कि हिन्दू नववर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं मूल्यों को आत्मसात करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिन हमें श्रेष्ठ संकल्प लेने, समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर सभी नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे हिन्दू नववर्ष को हर्षोल्लास के साथ मनाएं, अपनी संस्कृति पर गर्व करें तथा समाज में सद्भाव, एकता एवं सकारात्मकता का संदेश प्रसारित करें। कार्यक्रम के पश्चात नगर में पथ संचलन निकाला गया, जो आदर्श शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर बड़े मंदिर रोड, सिद्धेश्वर रोड एवं चमन विहार कॉलोनी होते हुए पुनः आदर्श शिशु मंदिर पर आकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर के समस्त कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। अंत में सभी को हिन्दू नववर्ष एवं वर्ष प्रतिपदा की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
![]()
