खुर्जा। ।भारत पुष्प। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में नगर में पहली बार श्री श्री कृष्ण-बलराम की भव्य शोभा यात्रा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। यह शोभा यात्रा श्री राम वाटिका से प्रारंभ होकर बड़े मंदिर, पंचवटी, सिटी स्टेशन, वैशाली कॉलोनी एवं कबाड़ी बाजार चौराहे से होती हुई पुनः श्री राम वाटिका पर आकर सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा में भगवान श्री कृष्ण-बलराम की आकर्षक एवं भव्य झांकी के साथ-साथ सीताराम मन बसिया की मूर्ति, श्री राधा कृष्ण की मनमोहन मूर्ति श्रद्धालुओं के आकर्षण का विशेष केंद्र बनी रही। यात्रा मार्ग में जगह-जगह तोरण द्वार सजाए गए, जहां भक्तों द्वारा पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया।

विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारी तथा प्रसाद वितरण किया गया। भक्तगणों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण-बलराम के रथ की रस्सी को खींचकर पुण्य अर्जित किया और भक्ति रस में सराबोर नजर आए। इस भव्य शोभा यात्रा का स्वागत श्री भक्त हनुमान सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा पुष्प वर्षा एवं आरती कर किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही, जिससे शोभा यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
![]()
