खुर्जा। ।भारत पुष्प। नगर के उद्योगपति स्वर्गीय प्रदीप अग्रवाल की पुण्य स्मृति में खुर्जा ट्रेड फेयर एवं लंदन सिटी कार्निवाल (एसएमजेईसी मैदान, खुर्जा) में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। काव्य साधना मंच, शाखा खुर्जा के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में एडीजे दिलीप कुमार सचान तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शिव किशोर गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के खुर्जा नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा एवं नगर पालिका परिषद खुर्जा की अध्यक्ष अंजना सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। कवि सम्मेलन में सुप्रसिद्ध कवि सौरभ जैन ‘सुमन’ प्रतिनिधि अतिथि कवि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ देश के विभिन्न नगरों से आए प्रतिष्ठित कवि एवं कवयित्रियों ने अपनी ओजपूर्ण, भावपूर्ण एवं उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त (दिल्ली), अंजना जैन (नोएडा), रंजन शर्मा ‘पक्का बिहारी’, संजय शर्मा ‘रुद्र’ (बाराबंकी), नीलम नीलमणि (गाजियाबाद), स्वाति गोयल (गाजियाबाद) तथा रुद्राणी पूनम शर्मा प्रमुख रहीं। बाल कवयित्री सानवी जैन ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह की विशेष सराहना प्राप्त की।
![]()
