बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। विश्वकर्मा श्रम सम्मान दिवस के उपलक्ष्य में गुरूवार को जिला पंचायत सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत चयनित एवं प्रशिक्षित लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष, डॉ० अंतुल तेवतिया, विधायक सिकन्द्राबाद लक्ष्मीराज सिंह व मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को उनके व्यवसाय से संबंधित आधुनिक एवं उपयोगी उपकरण उपलब्ध कराकर उनके कौशल को सुदृढ़ करना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा उनकी आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराना है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े पात्र लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ-साथ संबंधित ट्रेड के अनुरूप टूल किट उपलब्ध कराई जाती है, जिससे लाभार्थी अपने हुनर का बेहतर उपयोग करते हुए स्वरोजगार स्थापित कर सकें। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की गईं तथा उन्हें अपने पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक तकनीक एवं बेहतर उपकरणों के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके कौशल को सम्मान एवं बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण, टूल किट एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। लाभार्थियों द्वारा शासन की इस पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा गया कि टूल किट प्राप्त होने से उन्हें अपने कार्य को सुगमता एवं बेहतर गुणवत्ता के साथ करने में सहायता मिलेगी तथा स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका को सुदृढ़ करने का अवसर प्राप्त होगा। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, बुलंदशहर द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद कारीगरों / शिल्पकारों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के माध्यम से पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को कौशल प्रशिक्षण एवं उनके कार्य से संबंधित टूल किट उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारी / कर्मचारी, तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *