–शहीद भगत सिंह के भतीजे किरण जीत सिंह ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के 9वें स्थापना दिवस के वार्षिकोत्सव को प्रतिभा सम्मान समारोह के रूप में मनाते हुए 3 दर्जन विद्यालयों के सैकड़ों मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया गया। देर रात्रि तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य जन सम्मिलित रहे। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में आयोजित वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि अमर शहीद सरदार भगत सिंह के छोटे भाई कुलतार सिंह के सुपुत्र किरण जीत सिंह, दिव्य शक्ति अखाड़ा के संचालक आचार्य महामंडलेश्वर कमल किशोर महाराज, कार्यक्रम अध्यक्ष यूपी बार काउंसिल के चेयरमैन शिव किशोर गौड़ एडवोकेट, विशिष्ट अतिथि कल्याण सिंह राजकीय मैडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ मनीषा जिंदल, राष्ट्र चेतना मिशन के संरक्षक सीए मनीष मांगलिक, अध्यक्ष हेमन्त सिंह, सचिव सवदेश चौधरी आदि ने भारत माता और भगत सिंह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

संस्था के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन के रूप में वर्ष भर संगठन के कार्यकर्ताओं के विभिन्न सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। संरक्षक सीए मनीष मांगलिक मनीष मांगलिक के आह्वान पर सभी मंचस्थ अतिथियों ने स्वस्ति वाचन के साथ पुष्प वर्षा कर राष्ट्र चेतना मिशन के सदस्यों के परिश्रम का अभिनंदन किया। नई दिल्ली से पधारे प्रसिद्ध हास्य कवि और स्टैंडअप कॉमेडियन विनोद पाल ने सभागार में उपस्थित सैकड़ों लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी हास्य रचनाओं से सबको जमकर गुदगुदाया। विशिष्ट अतिथि कल्याण सिंह मेडिकल कालेज की प्राचार्या डॉ मनीषा जिंदल ने इस वर्ष के सभी कॉलेज के टॉपर्स को बधाई देते हुए आगामी उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। 156 बार रक्तदान कर चुके दिव्य शक्ति अखाड़ा के संचालक आचार्य महामंडलेश्वर श्री कमल किशोर जी महाराज ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से निःसंकोच जरूरतमंद मरीजों के प्राण बचाने के लिए सहर्ष रक्तदान हेतु प्रेरित किया। साठा चौरासी क्षेत्र से पधारे प्रसिद्ध युवा कवि मोहित शौर्य ने अपने ओजपूर्ण काव्य पाठ से सरदार भगत सिंह और सभी शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रवाद की ज्वाला को प्रज्वलित किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की आईटी टीम संयोजक निशांत जादौन द्वारा तैयार की गई विशेष डॉक्युमेंट्री वीडियो भी प्रदर्शित की गई। सभी लोगों ने संस्था के कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए तालियां बजाकर हौंसला बढ़ाया। सहारनपुर से पधारे, अमर क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह के भतीजे मुख्य अतिथि किरण जीत सिंह ने देश की आज़ादी आंदोलन और उसके बाद भी राष्ट्र की सतत सेवा में अपने परिवार की कई पीढ़ियों के योगदान का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आदि क्रांतिकारियों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी नौजवानों पर ही है, जिसे पूरा करने के लिए सभी को आगे आना होगा। उन्होंने सभी स्कूलों के टॉपर्स को बधाई देते हुए राष्ट्र की उन्नति में योगदान का आह्वान किया। सम्मान समारोह की श्रृंखला में सबसे पहले हाल ही में सिविल सर्विस में 239वीं रैंक हासिल करने वाले ग्राम रघुनाथपुर निवासी पवन राणा और आईआईटी लखनऊ के बीटेक टॉपर तथा महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित ईशान शर्मा के परिवारों का मंच पर अभिनंदन किया गया। उसके उपरांत आज़ाद पब्लिक स्कूल, छत्रपति शिवाजी कॉलेज, विवेकानंद विद्या मंदिर, रेनेसां स्कूल, डीपीएस, सेंट मोमिना, जीआईसी, डीएवी कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज, नेशन पब्लिक स्कूल आदि दर्जनों स्कूलों के 10वीं और 12वीं कक्षा के सैकड़ों टॉपर छात्रों को मंचस्थ अतिथियों द्वारा अभिनंदन पत्र एवं भारत माता का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्र चेतना मिशन के सहसचिव मयूर अग्रवाल और जिला कार्यकारिणी सदस्य हेमन्त जादौन ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया। व्यवस्थाओं में हेमन्त सिंह, पिंटू गुर्जर, विकास सिंह, रवि पाल, शुभ पंडित, धनंजय सिंह, देवेश शर्मा, राम अवतार लोधी, हिमांशु वाल्मीकि, तुषार जादौन, बृजेश गर्ग, ओमप्रकाश जालान आदि सम्मिलित रहे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *