–स्कूल के छात्र/छात्राओं की रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुति ने बिखेरी अनोखी छटा

खुर्जा। ।भारत पुष्प। 15 अगस्त को जैनिथ पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 79वाँ स्वतंत्रता दिवस एवं कृष्ण जन्मोत्सव दोनों पर्वों को एक साथ बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः मार्च पास्ट के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध होकर अपनी प्रस्तुति दी। इसके पश्चात विद्यालय के निदेशक राहुल राठी, मैनेजर नीलम राठी तथा प्रधानाचार्या गीता डैंग द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया।

वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा – “भारत माता की जय, “वन्दे मातरम्”आदि ने सभी में ऊर्जा भर दी। ध्वजारोहण उपरांत दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। तत्पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आरंभ हुईं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य,  आर्मी एक्ट तथा पहलगांव से संबंधित नाट्य मंचन ने सभी उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में देश के इतिहास को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही कृष्ण जन्मोत्सव संबंधित झांकी भी प्रस्तुत की गई तथा इसी उपलक्ष में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कान्हा जी एवं राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा में मंच पर उपस्थित होकर सभी का दिल जीत लिया। कृष्ण भजनों पर प्रस्तुत किए गए नृत्य और झांकियां अत्यंत आकर्षक रही । कुछ बच्चों ने जहां बांके बिहारी की छवि प्रस्तुत की, वहीं कुछ ने देशभक्तों की पोशाक पहनकर भारत की विविधता और एकता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।

प्रधानाचार्या गीता डैंग ने अपने प्रेरणादायक शब्दों में विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा भावना एवं देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा दी। निदेशक राहुल राठी ने भी सभी को स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा सुनाते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करने की सीख दी। साथ ही उन्होंने कृष्ण जन्मोत्सव पर “जय श्रीकृष्णा”के जयकारे लगाए, जिससे पूरा विद्यालय भक्ति एवं उल्लास से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्या एवं उप प्रधानाचार्या बबीता शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में हुआ। समस्त शिक्षकगण एवं अतिथिगण की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को मिष्ठान वितरण किया गया। नन्हें-मुन्ने बच्चों को गुब्बारे वितरित किए गए। इस संयुक्त समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, संस्कृति एवं आस्था – तीनों का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया और यह दिन सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *