बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। बुद्धवार को जिलाधिकारी श्रुति की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में जनपद के किसानों एवं किसान यूनियन के पदाधिकारीयों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में विगत बैठक में किसानों द्वारा की गई शिकायतों की संबंधित विभागों द्वारा किए गए निस्तारण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदया ने किसानों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लेकर उनका निस्तारण किया जाए। किसानों के साथ मधुर व्यवहार रखें। आपके मधुर व्यवहार रखने से कुछ समस्या अपने आप समाप्त हो जाती है। विद्युत विभाग से संबंधित सर्वाधिक शिकायत होने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विभाग की ओर से लाइन शिफ्ट, क्षमता वृद्धि आदि कराए जा रहे कार्य के बारे में किसानों को भी अवगत कराए। साथ ही वर्तमान में बकाया बिल जमा करने पर मिलने वाली छूट के बारे में भी जागरूक कर कैंप लगाकर किसानों को लाभ दिया जाए। स्कीम के बार में व्यापक प्रचार प्रसार कराए। किसानों की जो भी समस्या है उन्हें निस्तारित करें। अधिकारियों और किसानों में कम्युनिकेशन गैप नहीं होना चाहिए। किसानों द्वारा कतिपय गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली करने के संबंधित में शिकायत करने पर जिला गन्ना अधिकारी को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। किसानों की समस्याओं से संबंधित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए शिकायतों का समय से निस्तारण करें। गेहूं बुवाई के समय समय से सिंचाई विभाग की नहरों, रजबहों में पानी उपलब्ध नहीं होने के संबंध में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कृषि विभाग से वार्ता कर बुवाई के समय पानी की उपलब्धता हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए। बैठक में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक भरत राम यादव, एसपी देहात सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
