-बलिदान से धर्म रक्षा की प्रेरणा लेने का आह्वान
बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। गुरु गोबिन्द सिंह जी के चार पुत्रों के अमर बलिदान से स्कूली बच्चों और युवा पीढ़ी को अवगत कराने के लिए राष्ट्र चेतना मिशन का विशेष अभियान लगातार जारी है। छठवें दिन भी सैकड़ों बच्चों को बड़ी एलईडी स्क्रीन एवं साउंड सिस्टम लगाकर एनिमेशन फ़िल्म चार साहिबज़ादे दिखायी गई। शनिवार को सेक्रेड हार्ट्स स्कूल के प्रांगण में आयोजित विशाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्कूल ग्रुप डायरेक्टर निर्भय सिंह बेनीवाल एवं सोनाली चौधरी, स्कूल चेयरमैन वेदिका सिंह, प्रिंसिपल अंकित शर्मा, राष्ट्र चेतना मिशन अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने माँ सरस्वती, गुरु तेग़ बहादुर, गुरु गोबिन्द सिंह और चार पुत्रों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पर्चान कर शुभारम्भ किया। संबोधन करते हुए राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने कहा कि मुग़ल काल के दौरान क्रूर अत्याचारी शासक औरंगज़ेब के आदेश पर उसके सिपहसालारों ने हिन्दू और सिखों को धर्म बदलने के लिए बहुत निर्दयता तथा हैवानियत के साथ यातनाएँ देकर हज़ारों लाखों की हत्याएँ की। जबरन इस्लाम अपनाने का दबाव बनाने के लिए बुरी तरह से तड़पाया गया। उन्होंने बताया कि पहले गुरु गोबिन्द सिंह के पिता एवं सिख पंथ के नवम गुरु तेगबहादुर को दिल्ली में गर्दन काटकर हत्या की गई और उसके कुछ साल बाद दशम गुरु गोबिन्द सिंह जी के 2 बड़े पुत्र अजीत सिंह और जुझार सिंह चमकौर के युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए और छोटे 2 पुत्र जोरावर सिंह तथा फतेह सिंह को सरहिन्द के नवाब वज़ीर ख़ान ने ज़िंदा ही दीवार में चिनवाकर मार दिया। ऐसे ही असंख्य लोगों की क़ुर्बानी के बावजूद बहादुर सिख योद्धा अपने धर्म पर डटे रहे और लगातार संघर्ष करते हुए मुगलों के आतंक से देश की रक्षा की। स्कूल कैम्पस में सभी बच्चों को बड़ी एलईडी स्क्रीन और साउण्ड सिस्टम लगाकर एनिमेशन फ़िल्म चार साहिबज़ादे दिखायी गई, 2 घंटे की मूवी में चारों गुरुपुत्रों के जीवन और बलिदान को दर्शाया गया। कार्यक्रम समापन के समय राष्ट्र चेतना मिशन अध्यक्ष हेमन्त सिंह एवं स्कूल डायरेक्टर निर्भय सिंह बेनीवाल ने सिख समाज से पधारे कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सरदार राजेंदर सिंह, सरदार जसमीत सिंह, सरदार रसजीत सिंह, सरदार अजीत सिंह, सरदार समर्थ सिंह एवं सरदारनी हरप्रीत सिंह को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्कूल चेयरमैन वेदिका सिंह ने राष्ट्र चेतना मिशन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूलों के बच्चों को अपने गौरवशाली और बलिदानी इतिहास से अवगत कराने का प्रयास बहुत ही प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है। कार्यक्रम व्यवस्थाओं में वरिष्ठ शिक्षक राहुल भारद्वाज सहित आचार्य कृष्ण मिश्रा, न्यू गुप्ता, अरुण राजपूत, देवेश शर्मा, हेमन्त गुप्ता, मुकुल राजपूत, अनिकेत कुमार, निखिल कुमार, शुभ पंडित, शिव कुमार, पंकज कुमार आदि सम्मिलित रहे।
![]()
