खुर्जा। ।भारत पुष्प। शासन के निर्देश के क्रम में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा हेतु परिवहन विभाग बुलंदशहर द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर बस स्टैंड बुलंदशहर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रुति एवं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने प्रतिभाग करते हुए सुरक्षा माह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है इसलिए यात्रा करते समय नियमों का पालन अवश्य करें। दुपहिया एवं चार पहिया वाहन में सफर करते समय यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें। सभी को जागरूक होकर स्वयं ही नियमों का पालन करना चाहिए। सर्दी के मौसम में वाहनों को सावधानी के साथ चलाए। रोडवेज बसों का संचालन सुरक्षित रूप से किया जाए क्योंकि बस में सफर करने वाली सवारी भी आपका ही परिवार है। सड़क सुरक्षा माह में वाहन चालकों को यातायात नियमो का पालन करने के लिए जागरूक किया जायेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट, हेलमेट, गति नियंत्रण के साथ ही सभी यातायात नियमों का पालन करें। शराब पीकर वाहन का संचालन न करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें, कोहरे में फॉग लाइट/रिफ्लेक्टर का प्रयोग करें। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रूप से चेकिंग कर यातायात नियमों का पालन कराए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालो के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करें। जिलाधिकारी द्वारा सभी को सड़क सुरक्षा शपथ- “प्रतिज्ञा करते हैं कि हम सड़क पर सदैव यातायात नियमों का पालन करेंगे तथा सुरक्षित यात्रा हेतु सदैव दो पहिया वाहन चलाते समय स्वयं व पीछे बैठे व्यक्ति को बीआईएस मानक वाले हेलमेट अवश्य पहनेंगे व पहनायेंगे। चार पहिया वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट लगायेगें। लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करेंगे। तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलायेंगे । गलत दिशा में वाहन नहीं चलायेंगे। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेंगे। शराब पीकर या नशें की हालत में वाहन नहीं चलाएंगे। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद हेतु सदैव तत्पर रहेंगे। घर पर बच्चे इंतजार कर रहे है, अतः मै सदैव सुरक्षित व सावधानी से वाहन चलाऊँगा। कार्यक्रम में एसएसपी द्वारा संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवा देते हैं। इसलिए वाहन चलाते समय सुरक्षा का ध्यान रखें। शासन के निर्देशानुसार समय समय पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। सड़क दुर्घटनाओ में कमी भी आई है लेकिन हम सभी को यह सुनिश्चित करना है कि लापरवाही से किसी भी प्रकार की दुर्घटना नहीं हो। जल्दी के चक्कर में गलत दिशा में वाहन नहीं चलाए, गलत जगह पर वाहन पार्क नहीं करे, वाहन को तेजी से नहीं चलाए। आज नए वर्ष के प्रथम दिवस पर सभी यह संकल्प ले कि यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ ही दूसरों को भी करने के लिए जागरूक करेंगे। यातायात नियमों की जागरूकता के लिए चलाए जाने वाले प्रचार वाहन को भी जिलाधिकारी, एसएसपी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर एसपी सिटी शंकर प्रसाद, यात्री कर अधिकारी विकास अस्थाना, एआरएम रोडवेज, सीओ ट्रैफिक सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
