खुर्जा। ।भारत पुष्प। राजस्व परिषद एवं जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देशों के क्रम में खतौनी में खातेदारों / सह खातेदारों के गाटों के अंश निर्धारण में हुई त्रुटियों एवं लोप को संशोधन/दर्ज का कार्य समयवद्ध रूप से कराने हेतु तहसील स्तर पर अभियान चलाया गया है । एसडीएम प्रतीक्षा पांडे ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज खतौनियों की त्रुटियों को दूर करने के लिए खुर्जा तहसील क्षेत्र में 16 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। राजस्व विभाग से अभियान के लिए रोस्टर जारी कर दिया है। इसके तहत राजस्व टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांवों में पहुंचकर खतौनी से संबंधित त्रुटियों, अंश संशोधन और अंश निर्धारण से जुड़े मामलों का निस्तारण करेंगी। अभियान प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किया जाएगा। संबंधित राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को निर्देश दिए हैं कि वे रोस्टर के अनुसार संबंधित गांवों में उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों की जांच करें और पात्र मामलों में मौके पर ही संशोधन दर्ज कराएं।
![]()
