जहांगीरपुर : ।भारत पुष्प। चौधरी शीशराम सिंह एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 39 निर्धन जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। वैदिक मंत्रोच्चार और बैंडबाजों की गूंज के बीच हुए इस आयोजन में नव दंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। रीति-रिवाजों के साथ हुआ विवाहसमारोह की शुरुआत भव्य बारात के साथ हुई, जहाँ बैंडबाजों की धुन पर बाराती जमकर थिरके। जब बारात मंडप पहुंची, तो महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और आरती उतारकर दूल्हों का स्वागत किया। हिंदू रीति-रिवाजों और पूरी रस्मों के साथ विवाह की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद देने के लिए क्षेत्र के गणमान्य लोगों का तांता लगा रहा। संस्था की ओर से नव दंपतियों को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सामान और उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर आयोजक चौधरी कल्याण सिंह ने कहा “परमार्थ से बड़ा कोई धर्म नहीं है। निर्धन कन्याओं का हाथ पीले करना और उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करना ही हमारी संस्था का मुख्य ध्येय है। यह सेवा प्रकल्प पिछले कई वर्षों से निरंतर जारी है और भविष्य में भी इसे और भव्य रूप दिया जाएगा।” समारोह में मुख्य रूप से खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह के अलावा भगवानदास सिंघल, राजा, हरवीर सिंह, रामवीर सिंह, श्यामवीर सिंह, हेमंत सिंह, सुमित, निमिष चौधरी, राम अवतार सिंह, गौरव, ठाकुर अनिल सिंह और ललित चौधरी सहित भारी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्र के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।
![]()
