खुर्जा। ।भारत पुष्प/पवन शर्मा। नगर के श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर मार्ग स्थित नगर पालिका पार्क में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पार्क में टहलने पहुंचे लोगों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक पार्क की बेंच पर इस तरह पड़ा था, मानो बैठे-बैठे अचानक नीचे गिर गया हो। काफी प्रयासों के बाद दोपहर में शव की पहचान बुर्ज उस्मान मोहल्ला निवासी सतीश अग्रवाल (45 वर्ष) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार सतीश खुर्जा क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मुनीम का कार्य करते थे। मृतक के भाई संजय ने बताया कि सतीश शनिवार रात भट्ठे से घर के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचे। शुरुआत में परिवार को लगा कि कार्य के चलते देरी हो गई होगी, लेकिन रविवार सुबह तक घर न लौटने पर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मंदिर मार्ग स्थित पार्क में शव मिलने की सूचना मिली। मोबाइल पर वायरल हुई तस्वीर देखकर परिजनों ने सतीश की पहचान की। सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तुरंत पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों के मुताबिक सतीश अग्रवाल बीपी की बीमारी से पीड़ित थे, हालांकि वे किसी भी प्रकार का नशा नहीं करते थे। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
![]()
