बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। गुरूवार को जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में व्यापार बन्धु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत हुई। बैठक में स्याना रोड पर स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था, स्पीड ब्रेकर का निर्माण, अतिक्रमण रोकने, प्राईवेट एम्बुलेन्स एवं ई-रिक्शा से अतिक्रमण एवं 11000 वाट की विद्युत लाईन के नीचे सर्पोटिग वायर आदि बिन्दुओं पर वार्ता हुई। बैठक में पूर्व की बैठक में व्यापारियों द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर की गई कार्यवाही की भी समीक्षा की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद बुलंदशहर की दुकानों के किराये बढाने के बिंदु पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुलन्दशहर द्वारा अवगत कराया गया कि दुकानों का किराया शासनादेश के अनुसार ही बढ़ाया गया है। अधिशासी अभियन्ता विद्युत द्वारा सर्पोटिंग वायर को सही कराने का आश्वासन दिया गया। गुलावठी में गन्ने की ट्राली आने से शहर में जाम लगने के संबंध में व्यापारियों को आ रही समस्या के बारे में एसएसपी द्वारा पुलिस को आवश्यक कार्यवाही के के निर्देश दिए। बैठक में बन्दरों को पकडने के विषय में भी वार्ता की गयी जिसमें ईओ अधिकारी द्वारा उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया है। जिला अस्पताल के बाहर ई रिक्शा से जाम की समस्या होने के सम्बन्ध में पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नीतीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट संजय सिंह, उपायुक्त राज्य कर बबुलेश तिवारी सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
