–परिजन जता रहे हत्या की आशंका
खुर्जा। ।भारत पुष्प। थाना नगर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लापता एक युवक का शव अलीगढ़ के गभाना टोल नहर के समीप मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने युवक हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस जांच में स्विमिंग पूल में डूबने और डर के मारे शव को नहर में फेंकने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जंक्शन क्षेत्र के गांव गोठनी निवासी अजय माहौर (23) पुत्र घनश्याम माहौर जो नगर की गोकुल विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रहता था। मृतक के पिता के अनुसार अजय 15 जून की सुबह यह कहकर घर से निकला था कि वह फैक्ट्री में काम करने जा रहा है। जब वह रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि अजय अपने तीन साथियों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। कोई सुराग न मिलने पर 16 जून को परिजनों ने खुर्जा नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर अजय अपने एक मित्र के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उस मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि अजय की स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई थी। कानूनी कार्रवाई और बदनामी के डर से घबराए दोस्तों ने शव को अलीगढ़ क्षेत्र की सूखी पड़ी गभाना नहर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 18 जून को नहर से अजय का शव बरामद कर लिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम करा रही है।
![]()
