बुलंदशहर। ।भारत पुष्प/पवन शर्मा। आजकल महंगाई ने गरीब लोगों की कमर तोड रखी है और व्यापार धीरे-धीरे कम होता जा रहा है जिससे मजदूर वर्ग इस मंहगाई से परेशान हो रहा है। इसी मंहगाई को कम कराने के लिए गरीब लोगों के हिमायती बनकर बुलंदशहर के उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने प्रांतीय अध्यक्ष के आवाहन पर जिला अध्यक्ष दीपू गर्ग के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम का एक ज्ञापन अपर जिला अधिकारी/ मजिस्ट्रेट संजय सिंह को सोंपकर मंहगाई पर लगाम लगाने की गुहार लगाई है। जिलाध्यक्ष दीपू गर्ग ने बताया कि पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक (कमर्शियल) एलपीजी गैस की कीमतों में कमी, उत्तर प्रदेश में बिजली के बिलों पर लगाए गए 10% ईंधन अधिभार को वापस लेने तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण हेतु आज प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर संगठन द्वारा महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन देते हुए माँग की गई है कि प्रदेश के व्यापारियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा आम उपभोक्ताओं की ओर से लगातार बढ़ती महंगाई की ओर ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है। पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस तथा बिजली की बढ़ती लागत ने व्यापार, उद्योग और आम नागरिकों के जीवन पर गंभीर आर्थिक बोझ डाल दिया है। परिवहन लागत बढ़ने से आवश्यक वस्तुओं के मूल्य लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम जनता का मासिक बजट असंतुलित हो गया है। ज्ञापन में पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में तत्काल कमी की जाए। घरेलू एल0पी0जी गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए। वाणिज्यिक (कमर्शियल) एल0पी0जी गैस सिलेंडरों के दाम कम किए जाए ताकि छोटे व्यापारी, होटल व्यवसायी तथा लघु उद्योग राहत प्राप्त कर सकें। उत्तर प्रदेश में बिजली के बिलों पर लगाए गए 10% ईंधन अधिभार को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए। परिवहन लागत कम करने हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे सब्जियों, राशन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण स्थापित हो सके रखा गया है। बताया गया कि महंगाई का सबसे अधिक प्रभाव मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों एवं आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापार, रोजगार एवं जनजीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव और अधिक बढ़ेगा। बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण हो तथा आम जनता एवं व्यापार जगत को राहत मिल सके। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दीपू गर्ग, जिला संरक्षक अभिषेक अग्रवाल, जिला संगठन मंत्री गौरव गुप्ता, कार्यालय प्रमुख राजेश कुमार, जिला मंत्री सुशील अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, रामकुमार गोयल, भव्य शर्मा, मोहित कुमार,आदि उपस्थित रहे।
![]()
