बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। गुरूवार को राज्य मंत्री राजस्व विभाग उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेन्द्र दिलेर की अध्यक्षता में विकास कार्यों, निर्माण कार्यो एवं राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक आहूत हुई। बैठक मे सर्वप्रथम मंत्री द्वारा विकास कार्यो की विभागवार समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों में संचालित योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्र लाभार्थियों को दिलाया जायें। योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्रामीण अंचल पर करते हुए लाभ दिलायें। अपात्रों को किसी भी दशा में योजना से लाभान्वित नहीं किया जायें। जनप्रतिनिधियों से भी समय-समय पर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के बारे में अवगत कराते हुए उनके माध्यम से लाभार्थियों को लाभान्वित करायें। पेंशन योजनाओं का लाभ समयबद्धता से दिलाया जायें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने, प्रधानमन्त्री शहरी/ग्रामीण आवास योजना, जल जीवन मिशन के अंर्तगत ग्रामों में जल आपूर्ति संचालित कराने, अमृत सरोवर योजना, मनरेगा, स्वयं सहायता समूह, स्वास्थ्य विभाग में संचालित योजनाओं, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, निराश्रित गौवंशों का भरण पोषण, गन्ना मूल्य भुगतान आदि योजनाओं/कार्यो की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बैठक में विधायकगणों, जनप्रतिनिधिगणों द्वारा उठायें गये मुद्दों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी समस्या संज्ञान में लायी गई हैं उनका निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री की मंशा है कि सरकार द्वारा जो भी लाभार्थीपरक योजनायें/कार्य हैं उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे। इसलिए जो भी दायित्व आप सभी को मिला हैं उसका निवर्हन अच्छे से करें। जनपद में निर्माणाधीन कार्यो की समीक्षा करते हुए मंत्री द्वारा संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माणाधीन कार्यो को समयबव्द्ध रूप से पूरा कराया जायें। निर्माण कार्यो में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जायें। संबंधित विभाग के अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण करते हुए संज्ञान में आने वाली कमियों को दूर करायें। निर्माण कार्यो का थर्ड पार्टी निरीक्षण भी कराया जायें। जो निर्माण कार्य समय पूर्ण होने के उपरान्त भी अभी तक पूरे नहीं हुए हैं उन पर संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस देते हुए कार्य को पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में मंत्री द्वारा राजस्व कार्यो की भी विस्तृत रूप से समीक्षा करते हुए सभी उप जिलाधिकारी/तहसीलदार को निर्देशित किया कि राजस्व कार्यो को अपेक्षा के अनुरूप पूर्ण कराया जाये। राजस्व वसूली के कार्य में अपेक्षित प्रगति लायी जाये। न्यायालय में दायर वादों का निस्तारण समयबद्धता से करें। कोई भी वाद अनाश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। पट्टा आवंटन के कार्य को भी पूर्ण किया जायें। बैठक में जिलाधिकारी कुमार हर्ष द्वारा मंत्री सुरेंद्र दिलेर को आश्वस्त किया गया कि जो भी निर्देश बैठक में दिये गये हैं उनका पालन किया जाएगा और शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को शतप्रतिशत दिलाया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ0 अंतुल तेवतिया, विधायक सदर प्रदीप चौधरी, विधायक सिकन्द्राबाद लक्ष्मी राज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नीतीश कुमार सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()
