बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ग्रामीण युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए जनपद बुलन्दशहर की 128 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी (पुस्तकालय) बनाये गये हैं। आज जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने विकास खण्ड सिकन्द्राबाद की ग्राम पंचायत बहोरावास में पंचायत सचिवालय में बनाई गई डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से लाइब्रेरी के खुलने एवं युवाओं का लाभ मिलने इत्यादि के संबंध में जानकारी हासिक की। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि लाइब्रेरी में बच्चे आकर पढ़ाई करते हैं। लाइब्रेरी का संचालय पंचायत सहायक के द्वारा किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि लाइब्रेरी के खुलने एवं बन्द होने के समय के बारे में बाहर चस्पा किया जाये। लाइब्रेरी को निर्धारित दिवसों में अवश्य खोला जायें। साथ ही लाइब्रेरी पर एक कार्यक्रम का आयोजन करते हुए गांव के लोगों के एकत्रित कर उन्हें लाइब्रेरी पर उपलब्ध प्रतियोगी पुस्तकों एवं अन्य ज्ञानवर्धक पुस्तकों के बारे में जानकारी दी जायें। उप जिलाधिकारी सिकन्द्राबाद को निर्देशित किया गया कि टीम लगाकर पुस्तकालय में उपलब्ध होने वाली सभी पुस्तकों का सूची से मिलान कराकर सभी पुस्तकों की उपलब्धता को सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को गाँव में ही शहरों जैसी उत्कृष्ट शिक्षण सुविधाएं और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए पुस्तकें उपलब्ध होने पर युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सिकन्द्राबाद रविन्द्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा, बीडीओ ज्ञानेन्द्र मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
