बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA), लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुलन्दशहर श्री जय सिंह के मार्गदर्शन में आगामी 01 नवम्बर 2026 को मेगा / बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाना निश्चित हुआ है। जनपद न्यायाधीश के निर्देशानुसार जनपद की समस्त तहसीलों एवं ब्लॉकों में निरंतर लघु विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका मुख्य ध्येय 01 नवम्बर के मेगा शिविर हेतु पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही चिन्हीकरण व पंजीकरण सुनिश्चित कराना है। इसी क्रम में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को जनपद की तहसील अनूपशहर एवं तहसील डिबाई में उपजिलाधिकारी के समन्वय से लघु विधिक साक्षरता शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। तहसील अनूपशहर में आयोजित शिविर का पर्यवेक्षण रूचि भाटी, सिविल जज (अवर खण्ड), अनूपशहर द्वारा किया गया तथा तहसील डिबाई में आयोजित शिविर का पर्यवेक्षण विपिन कुमार चौरसिया, न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय, डिबाई द्वारा किया गया। इन शिविरों में उपस्थित जनसामान्य को निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा आगामी 01 नवम्बर के मेगा शिविर हेतु पात्र व्यक्तियों के आवेदन भरवाने व पंजीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित कराई गई। विकास चौधरी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुलन्दशहर ने समस्त जनपदवासियों से पुनः अपील की है कि वे तहसील स्तर पर आयोजित हो रहे इन लघु शिविरों में पहुँचकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं और प्रचार वाहन व पम्फलेट के माध्यम से दी जा रही जानकारियों का लाभउठाते हुए आगामी 01 नवम्बर 2026 को आई०पी० कॉलेज (कैम्पस-2) में आयोजित होने वाले विशाल मेगा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।
![]()
