खुर्जा। ।भारत पुष्प। आगामी त्योहारों के मद्देनजर उपभोक्ताओं को सही माप-तौल के अनुसार सामान उपलब्ध कराने के लिए बाट-माप विभाग ने जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 23 दुकानों के चालान किए गए। नियंत्रक बाट-माप, लखनऊ के आदेश तथा सहायक नियंत्रक बाट-माप, मेरठ संभाग के निर्देश पर गठित टीम ने विभिन्न बाजारों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई विक्रेताओं, ज्वैलर्स और एलपीजी गैस वितरकों की दुकानों की प्रमुखता से जांच की गई। बाट-माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक सेठ पाल सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान घटतौली और उपभोक्ताओं के साथ होने वाली धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान बिना सत्यापन वाले कांटे और बाट का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग ने मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि मिठाई के साथ डिब्बे का वजन जोड़कर ग्राहक से पैसे न वसूले जाएं। डिब्बे का वजन अलग घटाकर मिठाई का वास्तविक वजन ही दिया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित कीमत पर पूरा सामान मिल सके। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दीपावली के मद्देनजर विशेष जांच अभियान आगामी 7 और 8 नवंबर तक जिलेभर में जारी रहेगा। इस दौरान घट तौली अथवा बाट-माप संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]()
