–सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री डॉ. भोला सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में की सहभागिता
–विभीषण राजतिलक, सीता माता की अग्नि परीक्षा और अयोध्या प्रस्थान के साथ संपन्न हुआ महोत्सव
खुर्जा। ।भारत पुष्प। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था के प्रमुख केंद्र श्री रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी (रजि.) द्वारा आयोजित भव्य धार्मिक महोत्सव में मंगलवार की पावन संध्या पर अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में पधारे श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम की पावन लीलाओं का दर्शन कर धर्म लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कमेटी के संरक्षक सेठ अखिलेश जटिया के सानिध्य में मुख्य अतिथि डॉ. भोला सिंह (सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री) द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम एवं माता जानकी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व सामूहिक आरती के साथ किया गया। मैदान पर जब मां काली का दिव्य और रौद्र स्वरूप प्रकट हुआ, तो संपूर्ण प्रांगण में जय माता दी के उद्घोष गूंज उठे।

अहिरावण वध और पाताल लोक की रहस्यमयी लीला के मार्मिक मंचन ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। सत्य और असत्य के बीच लड़े गए ऐतिहासिक धर्मयुद्ध का मंचन अत्यंत रोमांचक रहा। जैसे ही मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के तीक्ष्ण बाण से अहंकारी दशानन रावण का अंत हुआ, समूचा मैदान “जय श्री राम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश जन-जन के हृदय में स्थापित हुआ। लंका विजय के उपरांत प्रभु श्री राम द्वारा शरणागत वत्सल भाव का परिचय देते हुए धर्मनिष्ठ विभीषण को लंका का राजपाट सौंपकर उनका विधिवत राजतिलक कराया गया।

माता जानकी के पावन आगमन और उनके अखंड सतीत्व, मर्यादा एवं पवित्रता के प्रतीक स्वरूप अग्नि परीक्षा का भावुक मंचन देख उपस्थित श्रद्धालु नतमस्तक हो गए। इस भव्य धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित व अनुशासित बनाने में कमेटी के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। मैदान पर प्रमुख रूप से प्रधान: आशीष गोयल, महामंत्री/सचिव: पुनीत साहनी (विक्की), कोषाध्यक्ष: सचिन बंसल, जनरल मैनेजर: दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन), उपप्रधान: राजीव बंसल, विशाल वाधवा, मैनेजर: डॉ. सुधांशु दत्त शर्मा, उमाशंकर अग्रवाल, इंचार्ज: दीपक अग्रवाल (डब्बू), अखाड़ा व्यवस्था: सतीश चंद्र शर्मा (इंचार्ज), देवेन्द्र आर्य (संयोजक), संयोजक मंडल: आशीष (गोलू राजपूत), विपिन कुमार, रघु ठाकुर, मीडिया व प्रचार विभाग: विनीत आर्य (सोशल मीडिया प्रभारी), ललित गुप्ता (उप प्रभारी), रविकांत भारद्वाज (प्रिंट मीडिया प्रभारी), मोहित (मीडिया सहयोगी) मौजूद रहे।
![]()
