–निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के दिए निर्देश
–वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को किया निर्देशित
बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन के संबंध में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों को उनके दायित्वों एवं निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अभिषेक कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि जनपद में 22 मतदान केंद्र व 65 मतदेय स्थल होंगे। जिसमें 7 जोनल मजिस्ट्रेट व 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 260 कार्मिक तथा 28 रिजर्व कार्मिक लगाए गए हैं। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर 22 बैरियर लगाए गए हैं। जनपद में मतदान हेतु स्नातक मतदाता 10768 व शिक्षक मतदाता 6918 है। दोनों में कुल मतदाता 17686 हैं। 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 से सायं 04:00 तक मतदान किया जाएगा। मतदान केंद्र के कक्ष के अन्दर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक वस्तु एवं स्याही तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तु किसी भी दशा में अन्दर नहीं जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि नुमाइश मैदान के बैरन हॉल से दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से पोलिंग पार्टी रवाना होकर अपने नियत स्थान पर पहुंचकर रात्रि विश्राम कर दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08.00 से सायं 04.00 बजे तक मतदान पूर्ण होने के उपरान्त समस्त पोलिंग पार्टियां वापसी कर बैरन हॉल नुमाइश मैदान में एकत्रित होकर मतपेटिका को जमा करेंगे।। उक्त पश्चात समस्त मत पेटीकाये संबंधित मजिस्ट्रेट की निगरानी व पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ में जमा की जाएंगी। यह निर्वाचन ई0वी0एम0 से न होकर बैलेट पेपर से होगा। दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को उक्त स्थान पर मतगणना होगी। बैठक में जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ सुनिश्चित करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें। जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी रखें तथा आवश्यक तैयारियों का समय से सत्यापन सुनिश्चित करें। निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं, अधिकारियों की तैनाती, दायित्वों के निर्वहन तथा किसी भी संभावित समस्या के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी किसी भी समस्या अथवा महत्वपूर्ण सूचना की जानकारी तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह द्वारा भी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरती जाए तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। संवेदनशील परिस्थितियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित दायित्वों के प्रति सजग रहें तथा निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं में प्रशासन का पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी परस्पर समन्वय, प्रभावी संवाद एवं सतत निगरानी के माध्यम से निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखें। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। अतः सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना पूर्ण योगदान दें। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
