खुर्जा। ।भारत पुष्प। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में दशमेश पिता श्री गोविंद सिंह जी महाराज के 358 वें जन्म प्रकाशोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों में गजब का उत्साह देखा गया और हजारों संगतों ने गुरुद्वारा में हाजिरी लगायी और मत्था टेका। विभिन्न प्रोग्राम जैसे बाल कवि दरबार, कवि दरबार, कीर्तन दरबार में हाजिरी लगाई गई। वाहेगुरु की खालसा, वाहेगुरु की फतेह की गूंज से माहौल भक्ति मय हो गया। प्रकाशोत्सव पर गुरुवाणी एवं कीर्तन के साथ लंगर का आयोजन भी किया गया। इसमें सिख समुदाय के अलावा अन्य वर्ग के लोगों की भी भागीदारी रही। इस अवसर पर गुरु घर के सेवादार जगजीत सिंह वालिया ने कहा कि गुरु जी महाराज ने सदा मानव सेवा का संदेश दिया था, उनका संदेश पूरी जगत के लिए था। सचिव करतार सिंह जी ने कहा गुरु जी महाराज ने धर्म की रक्षा के लिए सब कुछ त्याग कर दिया था। गुरुद्वारा सुभाष रोड खुर्जा से भव्य नगर कीर्तन शोभा यात्रा निकाली गई।
इस अवसर पर शहर में जगह-जगह तोरण द्वारा बनाए गए। श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर ऑनेस्ट क्लब खुर्जा, स्वामी हरिदास संकीर्तन कीर्तन मंडल खुर्जा, मानव अधिकार भ्रष्टाचार निवारण ( रजिo) खुर्जा श्री भक्त हनुमान सेवा समिति ट्रस्ट श्री मेंढ राजपूत ब्राह्मण समाज खुर्जा, यूथ ऑनेस्ट क्लब खुर्जा, श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव समिति खुर्जा श्री शिव निष्काम सेवा मंडलआदि अनेकों समाजसेवी संस्थाओं द्वारा कैंप लगाकर पुष्प वर्षा की एवं जलपान की विशेष व्यवस्था रखी। इस विराट नगर कीर्तन में जालंधर, मथुरा, अमरोहा, अलीगढ़ व आगरा के प्रसिद्ध अखाड़ों ने अपने करतबों से सभी का मन मोह लिया और नई ऊर्जा का संचार किया और दिल्ली, बड़ौत व हाथरस के मशहूर बैंड तथा श्रीमती सावित्री देवी लक्ष्मी चंद सरस्वती विद्या मंदिर जंक्शन मार्ग खुर्जा, भारत विकास परिषद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय खुर्जा आदि ने अपनी मधुर धुन में गुरुवाणी का गायन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पंजाब के बैगपाइपर बैंड ने भी अपनी धुन व करतबों से सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। संपूर्ण वातावरण वाहे गुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह के जय घोष से गुंजायमान हो उठा।
![]()
