खुर्जा। ।भारत पुष्प। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खुर्जा नगर द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर, जंक्शन रोड, खुर्जा में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सम्मानित, प्रबुद्ध एवं जागरूक नागरिकों की सशक्त उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह विभाग प्रचारक, बुलंदशहर विभाग देशराज ने अपने ओजस्वी एवं मार्गदर्शक उद्बोधन में कहा कि यह गोष्ठी केवल विचार-विमर्श का मंच नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, जागरण और संकल्प का पावन अवसर है। उन्होंने संघ के मूल विचार “व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” को स्पष्ट करते हुए कहा कि जब व्यक्ति संस्कारित, अनुशासित एवं संगठित होगा, तभी समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों—सामाजिक विघटन, सांस्कृतिक भ्रम, नैतिक मूल्यों में गिरावट एवं समाज में बढ़ती उदासीनता—पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को कमजोर करने वाली सबसे बड़ी समस्या बुराई नहीं, बल्कि अच्छाई का निष्क्रिय हो जाना है। अतः सज्जन, जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिकों को सक्रिय होकर समाज जीवन में अपनी भूमिका निभानी होगी। अपने संबोधन में उन्होंने तीन प्रमुख विषयों पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि हमारी विविधता ही हमारी शक्ति है और “मैं” से ऊपर उठकर “हम” की भावना को अपनाकर ही एक सशक्त एवं समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। युवा शक्ति को राष्ट्र का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और राष्ट्रभक्ति का भी मार्गदर्शन देना आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने सेवा कार्यों—जैसे शिक्षा सहयोग, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहयोग—को समाज परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताया और सेवा को संस्कार का रूप बताया। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जीवन में कर्तव्यनिष्ठा का पालन करें। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे समाज एवं राष्ट्र के उत्थान हेतु निरंतर सक्रिय रहेंगे और अपने जीवन में सेवा, समर्पण एवं संगठन के मूल्यों को अपनाएंगे। इस अवसर पर संघ के सभी कार्यकर्ता एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *