–कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पिता समेत दो घायल

बुलन्दशहर। ।भारत पुष्प। अधिवक्ताओं के चैंबर क्षेत्र में सोमवार सुबह चैंबर को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद आपस में गोलीबारी हो गई, जिसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर रहमान के पिता एडवोकेट इमामुद्दीन और उनके एक रिश्तेदार घायल हो गए। गोलीबारी होते ही कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एक चैंबर को लेकर दो अधिवक्ताओं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह एडवोकेट इमामुद्दीन नमाज अदा करने के बाद अपने चैंबर की ओर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दूसरे पक्ष के अधिवक्ता अपने कुछ साथियों के साथ चैंबर का ताला तोड़ रहे थे। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। मौके पर मौजूद ड्राइवर ने घटना की जानकारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर रहमान को दी। सूचना मिलने पर वह अपने एक रिश्तेदार के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के अधिवक्ता ने फायरिंग कर दी, जिसमें एडवोकेट इमामुद्दीन और उनके रिश्तेदार को गोली लग गई। गोली चलने की आवाज से कलेक्ट्रेट परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर अधिवक्ताओं और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील परिसर में हुई गोलीबारी से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Loading

Spread the love

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *