खुर्जा। ।भारत पुष्प। स्वर्ण आभूषणों की शुद्धता और उपभोक्ता संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए भारतीय मानक ब्यूरो के नोएडा शाखा कार्यालय द्वारा ज्वैलर्स कारोबारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम उपभोक्ताओं के साथ हॉलमार्किंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हॉलमार्क कोऑर्डिनेटर तरुण दीक्षित उपस्थित रहे। इस कार्यशाला का उद्देश्य उपभोक्ताओं और ज्वैलर्स को सोने और चांदी के आभूषणों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए हॉलमार्किंग की महत्ता के बारे में जागरूक करना था। कार्यक्रम में बीआईएस के हॉलमार्किंग कोऑर्डिनेटर तरुण दीक्षित ने सोने व चांदी के जेवरों पर हॉलमार्किंग की प्रक्रिया, इसके लाभ और अनिवार्य हॉलमार्किंग नियमों की विस्तृत जानकारी दी तथा बताया कि 1 सितंबर 2025 से चांदी के आभूषणों पर भी एचयूआईडी हॉलमार्क की व्यवस्था लागू की गई है, जोकि स्वैच्छिक आधार पर है। उन्होंने ज्वैलर्स से आग्रह किया कि वह अपना फर्म पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराकर, जेवरों पर एचयूआईडी प्रमाणन का पालन करें। क्योंकि हॉलमार्किंग न केवल आभूषणों की गुणवत्ता की गारंटी देती है, बल्कि उपभोक्ताओं को ठगी से भी बचाती है। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि 8 जून 2026 से हॉलमार्किंग प्रक्रिया को अपडेट किया गया है, नई व्यवस्था के अंतर्गत बीआईएस केयर एप से एचयूआईडी नंबर जांचने पर आभूषण का फोटो और वजन भी देखने को मिलेगा। इस अवसर पर ज्वैलर्स के लिए हॉलमार्किंग प्रक्रिया, पंजीकरण और अनुपालन से संबंधित प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में 50 से अधिक ज्वैलर्स और उपभोक्ताओं ने भाग लिया। यह कार्यक्रम भारत सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत बीते 1 जुलाई 2023 से हॉलमार्किंग को अनिवार्य किया गया है। बता दें कि भारतीय मानक ब्यूरो देश भर में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ता संरक्षण और गुणवत्ता मानकों को बढ़ावा दे रहा है। इस अवसर पर नवदीप सामाजिक विकास संस्था भारत के परियोजना संयोजक सचिन वर्मा ने भी इस विषय पर आवश्यक जानकारी दी। इस कार्यशाला मे श्री मैंढ़ राजपूत स्वर्णकार समाज एसोसिएशन के अध्यक्ष हैप्पी वर्मा, महामंत्री शैलेंद्र कोषाध्यक्ष राकेश वर्मा, मनोज वर्मा, शेखर वर्मा, ललित नम्बरदार, रवि नम्बरदार, मोहनलाल वर्मा, सोनू वर्मा, चंद्र प्रकाश वर्मा, , विष्णु वर्मा बबली वर्मा विनोद वर्मा संजय वर्मा गजेंद्र वर्मा विकास वर्मा पप्पन वर्मा आदि अनेकों ज्वैलर्स एवं सर्राफा कारोबारी उपस्थित रहे।
![]()
