सिकंद्राबाद। ।भारत पुष्प/पवन शर्मा। विद्या भारती विद्यालय दर्शन इंटर्नशिप कार्यक्रम 2026 का समापन सरस्वती बालिका विद्या मंदिर एवं विवेकानंद सरस्वती शिशु मंदिर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक नितिन गर्ग व बाह्य शोधकर्ता रिशु शर्मा, अंग्रेजी प्रवक्ता, ग्लोबल स्कूल, पटौदी, गुरुग्राम, डॉ. प्रियांशी दीक्षित, रिसर्च स्कॉलर, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ तथा प्रधानाचार्य रामकरण सिंह दक्ष द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय दर्शन इंटर्नशिप के दौरान शोधकर्ताओं द्वारा कक्षा 6 से 10 तक की कक्षाओं का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने कक्षाओं की अध्ययन व्यवस्थाओं, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, विद्यार्थियों की सहभागिता, अनुशासन एवं कक्षा संचालन को समझा। इसके साथ ही विद्यालय की प्रयोगशालाओं एवं वंदना स्थल का अवलोकन भी किया गया और उसके बाद शोधकर्ताओं ने विद्यालय के आचार्यों से संवाद कर शिक्षण पद्धतियों, संस्कार आधारित शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
रिशु शर्मा एवं डॉ. प्रियांशी दीक्षित ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के पश्चात अपने अनुभव और विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, संस्कृति एवं व्यक्तित्व निर्माण पर दिए जा रहे बल की सराहना की। इस समापन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं राष्ट्रभावना की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया तथा कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक एवं यादगार बना दिया। इस कार्यक्रम का संचालन प्रीती त्यागी ने किया।
![]()
