खुर्जा। ।भारत पुष्प। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी को राधा अष्टमी के पावन पर्व के रूप में श्री नवदुर्गा शक्ति मंदिर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी पावन तिथि को बरसाना में वृषभानु जी की यज्ञभूमि पर श्री राधा रानी का प्राकट्य हुआ था। राधा अष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने श्री राधा रानी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की। इस अवसर पर मंदिर की यज्ञशाला में पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में डीसी गुप्ता कांटे वाले मुख्य यजमान रहे। उन्होंने अपने परिवार के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर आहुतियां दीं। यज्ञ के उपरांत डीसी गुप्ता एवं उनके परिवार द्वारा कन्या पूजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और राधे-राधे के जयकारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर रोहित अग्रवाल, अनिल महाराजा, मोहित राघव, खुशबू गुप्ता, सुप्रीत गुप्ता, ओम गुप्ता, प्रणिता गुप्ता, अंजू अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण एवं श्री राधा रानी के जयकारों के साथ हुआ।
![]()
