बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। शनिवार को उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री द्वारा जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनपद में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों, सड़क एवं निर्माण कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, कृषि, सिंचाई, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उप मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराएं। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों की प्रगति एवं संचालित योजनाओं के संबंध में उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी कुमार हर्ष द्वारा उप मुख्यमंत्री को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। शासन की मंशानुरूप केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक ससमय पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद डॉ भोला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्षा (प्रशासक) डॉ अंतुल तेवतिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, विधायकगण लक्ष्मी राज सिंह, संजय शर्मा, मीनाक्षी सिंह, प्रदीप चौधरी, चन्द्र पाल सिंह, देवेन्द्र सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()
