बुलंदशहर। ।भारत पुष्प। जिले के थाना नरसेना अन्तर्गत पुलिस चौकी बुगरासी क्षेत्र के गाँव घुँघरावली के निकट रजवाहे के पास गेंहू के खेत में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान नहीं हो पाने पर बुधवार को राष्ट्र चेतना मिशन के कार्यकर्ताओं ने बुलंदशहर के भूतेश्वर श्मशान घाट पर विधिवत अन्तिम संस्कार किया। ज्ञात हो कि 15 मार्च को बुलंदशहर जिले के थाना नरसेना क्षेत्र के गाँव घुंघरावली के खेतों में एक अज्ञात महिला का सिर कटा हुआ शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई थी, पुलिस के कई घंटों की मशक्कत के बाद 600-700 मीटर दूर सिर बरामद हुआ था। महिला के हाथ पर टैटू भी गुदा था। पुलिस के काफ़ी प्रयास करने पर भी महिला की पहचान नहीं हो पाने पर पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे बीतने पर जब कोई परिजन नहीं मिल पाया तो नियमानुसार विधिवत अन्तिम संस्कार हेतु थानाध्यक्ष नरसेना राम किशोर ने राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह को सम्पर्क किया। बुधवार शाम को समय पूर्ण होने पर राष्ट्र चेतना मिशन के कार्यकर्ताओं ने थाना नरसेना से आए हैड कांस्टेबल सुशील कुमार तथा महिला कांस्टेबल संयोगिता के साथ मिलकर उक्त अज्ञात महिला के शव को मोर्चरी से उठवाकर भूतेश्वर श्मशान घाट पर पहुँचाया। श्मशान घाट पर संस्था के अध्यक्ष हेमन्त सिंह, अनिल गर्ग, न्यू गुप्ता, आचार्य कृष्ण मिश्रा, अरुण राजपूत, हर्ष गुप्ता, लकी पंडित, मुकुल राजपूत आदि ने मिलकर अपने हाथों से चिता लगाकर विधिवत अन्तिम संस्कार कर मृत आत्मा की शान्ति हेतु प्रार्थना की।
![]()
